बाल अधिकारों से लेकर नशामुक्ति तक गूंजा जागरूकता का संदेश, : विवेकानंद इंटर कॉलेज में बच्चों को दी गई कानूनी जानकारी
Abid Hussain
Sat, Nov 14, 2026
टनकपुर। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार, 14 नवंबर को विवेकानंद इंटर कॉलेज टनकपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत के सचिव के दिशा-निर्देशों के क्रम में साक्षरता एवं विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, बाल संरक्षण, बाल विवाह निषेध और बाल श्रम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कानूनी जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णवर्धन जोशी ने की, जबकि संचालन पीएलवी (अधिकार मित्र) बिजेंद्र अग्रवाल ने किया।
इस दौरान पीएलवी शमशाद बानो ने नशामुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने नशे से संबंधित शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 14446 एवं 1933 की जानकारी देते हुए बच्चों को नशे के विरोध में आवाज उठाने का संकल्प दिलाया।
पीएलवी दिग्विजय सिंह तड़ागी ने सड़क सुरक्षा को जीवन रक्षा बताते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सुरक्षित आवागमन और सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। वहीं पीएलवी राधिका अधिकारी ने बाल सुरक्षा, किशोर न्याय अधिनियम 2015 एवं बाल अनुकूल सेवा योजना 2024 के बारे में विस्तार से बताया।
प्रो बोनो पीएलवी इजहार अली ने बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, बाल श्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देकर बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
संचालन कर रहे पीएलवी बिजेंद्र अग्रवाल ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन परिचय, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और देश के विकास में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बच्चों के प्रति विशेष स्नेह के कारण उनकी जयंती 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने पंचवर्षीय योजनाओं के माध्यम से देश के विकास में नेहरू के योगदान की भी जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णवर्धन जोशी ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक किया। साथ ही 14 नवंबर को मनाए जाने वाले विश्व मधुमेह दिवस की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने, नशे से दूर रहने, बाल अधिकारों का सम्मान करने तथा सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
Tags :
दमदार मिसाल
विज्ञापन