: उत्तराखंड वन विकास निगम कार्यालय जाने वाली सड़क बदहाल, निगम के आला अधिकारी मौन तो सुनेगा कौन••••
टनकपुर/ आमबाग में वन विकास निगम कार्यालय जाने वाली सड़क बदहाल है। इस रास्ते से गुजरते वाले राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में लोग संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। यहां कॉलोनी में निवास करने वाले कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर की है।

आपको बता दें इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। आमबाग स्थित वन निगम कार्यालय में किसी न किसी काम से प्रतिदिन हजारों लोग आते हैं । लेकिन, इस मार्ग की तरफ अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालक हिचकोले खाने को मजबूर है।

चालकों को वाहन खराब होने का डर भी लगा रहता है। निगम के दफ्तर में विभाग के डीएसएम भी बैठते है। फिर भी वन निगम कार्यालय जाने वाली सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। कॉलोनी में रह रहे लोगों ने बताया कि इस रास्ते को बनाना अति आवश्यक है। इसलिए सरकार और विभाग को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। ताकि क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना ना करना पड़े।

इस बारे में वन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश आर्य का कहना है कि इस रास्ते को बनवाने के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। बदहाल रास्ते के कारण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उम्मीद है जल्द ही इस रास्ते का निर्माण किया जाएगा।
Tags :