सफाई कर्मचारियों के हक में सख्त निर्देश, : अब सीधे खातों में पहुंचेगा वेतन!
Abid Hussain
Sat, Oct 24, 2026
सफाई कर्मचारियों के हक में सख्त निर्देश, अब सीधे खातों में पहुंचेगा वेतन!
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने बनबसा-टनकपुर में सुनीं समस्याएं, ईपीएफ जमा कराने से लेकर सुरक्षा उपकरणों तक पर दिए निर्देश
टनकपुर/बनबसा, 24 अक्टूबर। उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) संतोष गौरव ने शनिवार को बनबसा और टनकपुर का भ्रमण कर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों का सम्मान, समय पर वेतन, भविष्य निधि और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित निकायों की जिम्मेदारी है।
मृतक आश्रित नियुक्ति और पदोन्नति के मामलों में तेजी के निर्देश
टनकपुर में अभिलेखों की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने मृतक आश्रित नियुक्ति के प्रकरण में संबंधित व्यक्ति की शैक्षिक योग्यता के अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही कर्मचारियों के लंबित पदोन्नति मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
वेतन और भविष्य निधि में लापरवाही पर जांच के निर्देश
कर्मचारियों की भविष्य निधि से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने वेतन से काटी गई धनराशि और नियोक्ता के अंशदान को नियमानुसार कर्मचारियों के खातों में जमा कराने पर जोर दिया। अधिशासी अधिकारी को संबंधित फर्म के अभिलेखों और जमा धनराशि की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अब सीधे बैंक खातों में वेतन भुगतान पर जोर
मोहल्ला समितियों के माध्यम से वेतन भुगतान में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए उपाध्यक्ष ने कर्मचारियों को पूरी धनराशि समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समितियों के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था समाप्त करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए इसी माह से सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
मास्क, जूते, वर्दी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर
सफाई कर्मचारियों को परिचय पत्र, पात्रतानुसार गोल्डन कार्ड और कार्य की प्रकृति के अनुसार झाड़ू, सफाई उपकरण, ठेली, मास्क, जूते, टोपी तथा सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि केवल उपकरण उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके नियमित उपयोग और कर्मचारियों की सुरक्षा की निगरानी भी होनी चाहिए।
पुनः सर्वे कर पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
पूर्व में सिर पर मैला ढोने के कार्य से जुड़े पात्र व्यक्तियों और परिवारों के संबंध में शून्य सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने पर उपाध्यक्ष ने दोबारा सर्वे कराने को कहा। उन्होंने पात्र व्यक्तियों की पहचान कर रिपोर्ट समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें पुनर्वास, आर्थिक सहायता और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ मिल सके।
बच्चों से सफाई कराने पर जताई चिंता
बनबसा नगर पंचायत कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपाध्यक्ष ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद किया और नगर की सफाई व्यवस्था व जनसुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अधिकारी दीपक बुधलाकोटी को कर्मचारी कल्याण और सफाई व्यवस्था से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
शिक्षा विभाग से प्राथमिक विद्यालयों की सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण बच्चों से सफाई कार्य कराया जाना उचित नहीं है। विद्यालयों में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली और पेयजल की कमी से संबंधित समस्याओं पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
टनकपुर में अधिकारियों के साथ की समीक्षा
टनकपुर में उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्या और अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के साथ कर्मचारी हितों तथा नगर निकाय से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।
बनबसा के कार्यक्रम में नामित सभासद प्रेम सिंह रावत और उमेद सिंह नेगी, रुचि धस्माना, रुक्मिणी उनियाल, विमला बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोग उपाध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें सम्मानजनक कार्य वातावरण और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़