गांधी मैदान में उमड़ा जनसैलाब, लायंस क्लब के दीपावली मेले ने बांधा : समां; रंगारंग प्रस्तुतियों पर देर रात तक थिरके दर्शक
Abid Hussain
Sun, Nov 1, 2026
टनकपुर। नगर के गांधी मैदान में लायंस क्लब टनकपुर की ओर से आयोजित दो दिवसीय दीपावली मेले का रंगारंग आगाज हुआ। मेले का शुभारंभ मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन चन्द्र पांडेय एवं नगर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहले ही दिन मेले में उमड़ी भारी भीड़ ने आयोजन की लोकप्रियता और आयोजकों की मेहनत को बखूबी बयां कर दिया।
शुभारंभ के बाद आर्केस्ट्रा पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। संगीत की धुनों पर दर्शक भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। देर रात तक गांधी मैदान तालियों की गड़गड़ाहट और संगीत की धुनों से गूंजता रहा।
हर वर्ष की भांति इस बार भी दीपावली मेले को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम ढलते ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और कुछ ही देर में पूरा गांधी मैदान लोगों की भीड़ से खचाखच भर गया। स्थिति यह रही कि मैदान में पैर रखने तक की जगह नहीं बची।
मेले में पहुंचे लोगों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया और मनोरंजन के साधनों का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं लक्की ड्रॉ लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने टिकट खरीदकर अपनी किस्मत आजमाई।
आयोजकों की मेहनत ने मेले को बनाया खास
दीपावली जैसे पर्व पर नगरवासियों को मनोरंजन, मेल-मिलाप और सांस्कृतिक उल्लास का अवसर उपलब्ध कराना अपने आप में सराहनीय पहल है। लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिस उत्साह और व्यवस्थापन के साथ इस आयोजन को मूर्त रूप दिया, उसकी नगर में सराहना हो रही है। ऐसे आयोजन न केवल त्योहारों की खुशियों को दोगुना करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, क्लब अध्यक्ष रचित मेहरोत्रा, सचिव गौरव अग्रवाल, दीपक जैन, दीपक शारदा, पुनीत शारदा, संजय छतवाल, दीपक छतवाल, वैभव अग्रवाल, क्रांति मोहन सक्सेना, नरेश अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल एवं मोहित अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Tags :
अच्छी पहल