कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी : उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने परिवहन निगम प्रबंधन को भेजा नोटिस
Abid Hussain
Tue, Mar 10, 2026
कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने परिवहन निगम प्रबंधन को भेजा नोटिस
टनकपुर। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम प्रबंधन को नोटिस भेजा है। यूनियन ने कहा है कि कई बार वार्ता और समझौते के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
यूनियन के अध्यक्ष कमल पपनै और महामंत्री अशोक चौधरी की ओर से सहायक महाप्रबंधक, उत्तराखंड परिवहन निगम टनकपुर डिपो को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि संगठन द्वारा कई बार समस्याओं को उठाया गया, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं हुआ। संगठन का आरोप है कि प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के प्रति भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जा रही है।
यूनियन ने स्पष्ट किया कि हाल ही में संगठन कार्यालय में बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए, अन्यथा संगठन आंदोलन की राह अपनाने को बाध्य होगा।
यूनियन ने रखीं ये प्रमुख मांगें
यूनियन द्वारा प्रबंधन के सामने कई मांगें रखी गई हैं, जिनमें मुख्य रूप से—
टनकपुर डिपो में चल रही 10 बसों का संचालन समय संचालन कक्ष टनकपुर से ही कराया जाए, ताकि निगम को होने वाले घाटे को रोका जा सके।
वरिष्ठ पदाधिकारियों से जुड़े लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए, जो सितंबर 2025 से लंबित बताए गए हैं।
ऑफ रोड बसों को ऑन रोड किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
लोहाघाट और पिथौरागढ़ डिपो से टनकपुर आए वाहनों के लिए मिस्त्री की व्यवस्था की जाए, ताकि बसों की नियमित जांच हो सके।
लोहाघाट मार्ग पर एक ही ट्रिप चलने के कारण निगम को हो रहे नुकसान को देखते हुए एक अतिरिक्त वाहन का संचालन शुरू किया जाए।
तीन माह से लंबित कर्मचारियों के वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
पूर्णागिरि मेले को लेकर भी उठाए मुद्दे
यूनियन ने कहा कि उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में—
मेला स्थल पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए।
टनकपुर बस अड्डे पर पूर्णागिरि जाने वाली सवारियों के लिए अलग काउंटर बुकिंग व्यवस्था की जाए।
बस अड्डे और बसों में सफाई व्यवस्था दिन में तीन बार सुनिश्चित की जाए, ताकि निगम की छवि खराब न हो।
समय सीमा तय, अन्यथा आंदोलन
यूनियन ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 9 मार्च 2026 तक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 10 मार्च 2026 से संगठन के पदाधिकारी और सदस्य कार्य बहिष्कार पर जाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी परिवहन निगम प्रबंधन की होगी।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़