बाल एवं किशोर श्रम के विरुद्ध बनबसा में चला सघन अभियान, प्रतिष्ठानों : प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण
Abid Hussain
Mon, Feb 9, 2026
बनबसा। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशानुसार बाल एवं किशोर श्रम में लिप्त बच्चों तथा सड़क पर रहने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनबसा क्षेत्र में एक सघन अभियान चलाया गया।
उक्त अभियान जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के आदेशों के क्रम में संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व आनंदी अधिकारी (अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति – CWC) द्वारा किया गया। इस संयुक्त टीम में पुष्पा देव (कनिष्ठ सहायक, श्रम विभाग), पूजा जोशी (मैनेजर कोऑर्डिनेटर) तथा प्रभारी निरीक्षक श्री इंद्रजीत (AHTU, शारदा बैराज, बनबसा) शामिल रहे।
टीम द्वारा बनबसा क्षेत्र अंतर्गत होटल, ढाबों, प्रतिष्ठानों एवं ठेले संचालित करने वाले दुकानदारों पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं भी बाल या किशोर श्रम तो नहीं कराया जा रहा है। होटल एवं प्रतिष्ठान स्वामियों को बाल श्रम निषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में बच्चों से श्रम कराना कानूनन अपराध है।
निरीक्षण के दौरान श्रम विभाग द्वारा प्रतिष्ठान संचालकों से शपथ पत्र भरवाए गए, जिसमें उन्होंने भविष्य में बाल श्रम न कराने की लिखित प्रतिबद्धता जताई। साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में बाल श्रम पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा सड़क पर रहने वाले एवं जोखिमग्रस्त बच्चों को पुनर्वास एवं संरक्षण उपलब्ध कराना है।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं बाल श्रम या किशोर श्रम होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को दें, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।
Tags :
अच्छी पहल