बनबसा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, एनएचपीसी के : 400 कर्मियों ने लिया योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प
Abid Hussain
Mon, Jun 22, 2026
बनबसा/टनकपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को मिनी स्टेडियम, बनबसा में जिला प्रशासन चम्पावत द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि विभिन्न विभागों, संस्थानों और संगठनों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
जिला प्रशासन के अनुरोध पर एनएचपीसी लिमिटेड, टनकपुर पावर स्टेशन, बनबसा ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों, केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा संविदा कर्मियों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रही। योग सत्र के दौरान स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और शारीरिक सुदृढ़ता के लिए योग के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। टनकपुर पावर स्टेशन के लगभग 400 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।
Tags :
अच्छी पहल