Thu 19 Nov 2026

ब्रेकिंग

करोड़ों की योजनाओं से बदलेगी तस्वीर

भैयाजी जोशी

10,400 रुपये के चालान, मचा हड़कंप

बनबसा-टनकपुर में चलाया जनसंपर्क अभियान

विजन पब्लिक स्कूल का दबदबा

सुचना

चम्पावत में विकास की नई इबारत लिख रही धामी सरकार! टनकपुर से लोहाघाट तक : करोड़ों की योजनाओं से बदलेगी तस्वीर

Abid Hussain

Thu, Nov 19, 2026

शारदा कॉरिडोर से पूर्णागिरि धाम तक धार्मिक पर्यटन को मिलेगा विस्तार, टनकपुर-बनबसा में सड़क, ड्रेनेज और पेयजल योजनाओं को रफ्तार; 52 करोड़ का पैरामेडिकल कॉलेज, 156 करोड़ का बिजली सबस्टेशन और लोहाघाट में 256 करोड़ का महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकास की बड़ी उपलब्धियां

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जनपद चम्पावत को विकास के नए शिखर पर पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार ने योजनाओं का बड़ा खाका तैयार किया है। पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पेयजल, सड़क, विद्युत, बाढ़ सुरक्षा और आधुनिक शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य चम्पावत को धार्मिक पर्यटन, आधुनिक सुविधाओं और आधारभूत विकास के लिहाज से प्रदेश का आदर्श जनपद बनाना है।

धामी सरकार की ओर से जारी विकास कार्यों के विवरण में 3100 करोड़ रुपये की शारदा कॉरिडोर योजना प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। इसके प्रथम चरण में 179 करोड़ 37 लाख रुपये से शारदा घाट का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। कॉरिडोर के अंतर्गत पूर्णागिरि क्षेत्र, टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट, बूम क्षेत्र और अन्य पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना है। वहीं मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य गतिमान है। पूर्णागिरि मंदिर मार्ग पर बाटनागाड़ में 270 मीटर पुल और अन्य चार पुलियाओं के निर्माण के लिए 36 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में 480 मीटर एवं 120 मीटर स्पान के आर्च पुल निर्माण के लिए 48 करोड़ 38 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

ग्राम उचौलीगोठ से गैड़ाखाली नंबर-1 तक शारदा नदी की मुख्य धारा में 75 लाख रुपये की लागत से चैनलाइजेशन एवं ड्रेजिंग का कार्य पूरा किया गया है। हनुमानगढ़ी-खेतखेड़ा में 125 मीटर स्पान आर्च मोटर पुल का निर्माण 13 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जा चुका है। इससे बरसात के दौरान गैड़ाखाली, उचौलीगोठ और चूका क्षेत्र के लोगों के साथ पूर्णागिरि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। पूर्णागिरि क्षेत्र को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के साथ ककरालीगेट से धाम तक केदारनाथ की तर्ज पर मास्टर प्लान तैयार करने की योजना भी बनाई जा रही है।

टनकपुर को मिलेगी आधुनिक शहर की पहचान, सड़क और जल निकासी पर बड़ा निवेश

टनकपुर के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। पर्यटन आवास गृह के उच्चीकरण पर 2 करोड़ 61 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। टनकपुर एवं बनबसा के नगरीय क्षेत्रों में आंतरिक मार्गों के पुनर्निर्माण का कार्य 18 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इसके अलावा टनकपुर में 238 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस टर्मिनल (आईएसबीटी) निर्माण परियोजना पर कार्य किया जा रहा है, जिसके लगभग 70 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई है। इसे उत्तराखंड के आधुनिक बस टर्मिनलों में शामिल करने का लक्ष्य है। नगर क्षेत्र में 4 करोड़ 98 लाख रुपये से मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण पूरा किए जाने तथा 65 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज और जल निकासी योजना पर कार्य किए जाने का भी उल्लेख है। बनबसा क्षेत्र में जल निकासी के लिए 21 करोड़ 14 लाख रुपये की योजना प्रस्तावित है।

स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव, बनबसा में खुलेगा पैरामेडिकल कॉलेज

स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बनबसा में 52 करोड़ रुपये की लागत से पैरामेडिकल कॉलेज निर्माण की डीपीआर तैयार की गई है। कॉलेज में ऑपरेशन थिएटर, रेडियोलॉजी और डायलिसिस सहित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जाने की योजना है। जिला चिकित्सालय चम्पावत में 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित की गई है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री कर चुके हैं। वहीं 5 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से सीटी स्कैन मशीन की स्थापना भी की गई है। जिला अस्पताल में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। टनकपुर उपजिला चिकित्सालय में तीन डायलिसिस यूनिट स्थापित होने से किडनी के मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल रही है।

शिक्षा और युवाओं के भविष्य पर विशेष ध्यान

शिक्षा के क्षेत्र में टनकपुर राजकीय पॉलिटेक्निक का 16 करोड़ रुपये की लागत से भवन निर्माण पूरा किया गया है। 20 करोड़ 73 लाख रुपये से इंजीनियरिंग कॉलेज का अकादमिक ब्लॉक और प्रयोगशाला भवन तैयार किया गया है। 99 लाख रुपये से कॉलेज की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है। टनकपुर में 50 बेड क्षमता वाले सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय का भवन 3 करोड़ 20 लाख रुपये से तैयार किया गया है। वहीं राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय का निर्माण 5 करोड़ रुपये से किया जा रहा है।

खेल और धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

टनकपुर में 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत पहली बार रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। रात्रिकालीन राफ्टिंग प्रतियोगिता के आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास किया गया। चम्पावत में गोल्ज्यू कॉरिडोर के तहत भव्य स्टेडियम, सांस्कृतिक भवन, मल्टीस्टोरी पार्किंग और अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके प्रथम चरण के लिए 117 करोड़ 22 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने का उल्लेख है।

लोहाघाट में 256 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य गतिमान है। छमनिया में 9 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं अमोड़ी में 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से वे-साइड एमिनिटीज का निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है।

बनबसा में 220 केवी सबस्टेशन, पेयजल और बाढ़ सुरक्षा पर जोर

बनबसा क्षेत्र में 156 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से 220 केवी विद्युत सबस्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। बनबसा में 9 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से आंतरिक पेयजल लाइन का कार्य गतिमान है। ग्राम बमनपुरी में हुट्टी नदी पर 1 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य कराया जा रहा है। भारत-नेपाल सीमा के समीप 52 लाख 53 हजार रुपये की लागत से झंडा पार्क का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं बमनपुरी में कुष्ठ आश्रम तक 81 लाख 72 हजार रुपये की लागत से मार्ग निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है।

चम्पावत में साइंस सेंटर, सिटी सेंटर और पेयजल योजना से बदलेगी तस्वीर

जिला मुख्यालय चम्पावत में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 57 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। रोडवेज स्टेशन पर आधुनिक मल्टीस्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स यानी सिटी सेंटर के निर्माण के लिए 62 करोड़ 33 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अंतर्गत बस टर्मिनल भवन, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग, चालक आवास, दुकानें, फूड कोर्ट, अतिथि कक्ष, रेस्टोरेंट और सार्वजनिक शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

चम्पावत नगरीय क्षेत्र में 17 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत विद्युत लाइनों का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्ट्रेट भवन का 1 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से कुमाऊंनी शैली में पुनर्निर्माण किया गया है। शहरी विकास योजनांतर्गत नगर के नौ वार्डों में 240 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से जलापूर्ति योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे नगरवासियों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके अलावा 8 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से राजकीय वृद्धाश्रम भवन का निर्माण किया जा रहा है।

गांवों तक पहुंच रही विकास की योजनाएं, मनिहारगोठ को भी मिली सौगात

विकास का दायरा शहरों तक सीमित नहीं है। अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक वर्ग के विकास के लिए मनिहारगोठ में अल्पसंख्यक निधि से 1 करोड़ 40 लाख रुपये तथा एससीपी योजनाओं के अंतर्गत 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर गौशाला निर्माण के लिए 1 करोड़ 46 लाख रुपये की धनराशि से कार्य पूर्ण किए जाने की जानकारी दी गई है। गांवों में बाढ़ सुरक्षा, घाट निर्माण, पार्कों की स्थापना और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

धामी सेना ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान, गांव-गांव पहुंचाएगी विकास की जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए धामी सेना के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तरुण पंत के नेतृत्व में टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विकास कार्यों से संबंधित पंपलेट वितरित किए जा रहे हैं और छोटी-छोटी बैठकें आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

तरुण पंत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत विधानसभा को पर्यटन, धार्मिक आस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। धामी सेना पूरे विधानसभा क्षेत्र में यह अभियान निरंतर जारी रखेगी और सरकार के विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएगी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में जनता से विकास और जनहित के कार्यों को देखते हुए सही विकल्प चुनने की अपील की।

धामी सेना का नारा — 'चुनें वही, जो हो सही, फिर अबकी बार धामी सरकार।'

निवेदक: तरुण पंत, प्रदेश अध्यक्ष, धामी सेना देवभूमि उत्तराखंड एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा उत्तराखंड।

Tags :

ब्रेकिंग न्यूज़

विज्ञापन

जरूरी खबरें