अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर पालिका का शिकंजा, : 10,400 रुपये के चालान, मचा हड़कंप
Abid Hussain
Wed, Nov 18, 2026
सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को दी चेतावनी, लाल पट्टी के पीछे ही लगाने होंगे फड़ और ठेले
टनकपुर। नगर में अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान चलाया। गुरुवार को पालिका की टीम ने रोडवेज परिसर स्थित सुलभ शौचालय से नालियों में गंदगी बहाए जाने, मछली गली और मुख्य बाजार में गंदगी फैलाने तथा सब्जी मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर पॉलीथिन का इस्तेमाल करने के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 10,400 रुपये के चालान किए।
अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अव्यवस्थित तरीके से फड़ एवं ठेले लगाने वाले कारोबारियों को भी कड़ी हिदायत दी गई। पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फड़ और ठेले निर्धारित लाल पट्टी के पीछे ही लगाए जाएं, ताकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
नगर पालिका की टीम ने व्यापारियों एवं फड़ व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों में गंदगी न बहाने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी चालानी कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी गई।
नगर पालिका के इस अभियान में विनोद चन्द्र बिष्ट, बसन्त राज चन्द, अनुराधा यादव, प्रिया बिष्ट, शकुन सक्सेना, प्रमोद प्रकाश, प्रकाश नेगी, राम रतन, विशाल बाबू सहित पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़
विज्ञापन