बनबसा में कुमाऊँनी महिला क्लब का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, : 109 लोगों ने उठाया लाभ
Abid Hussain
Fri, Oct 2, 2026
गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगों की हुई स्वास्थ्य जांच, दवाइयां वितरित कर चिकित्सकीय परामर्श दिया
बनबसा। कुमाऊँनी महिला क्लब, टनकपुर की ओर से गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को बनबसा क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण तथा रामधुन के साथ किया गया। क्लब की सदस्यों के अंशदान से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं एवं स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराना रहा। शिविर में महिलाओं समेत क्षेत्र के स्थानीय लोगों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं तथा स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श एवं जागरूकता की जानकारी दी।
क्लब के अनुसार शिविर में कुल 109 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 50 गर्भवती महिलाएं, 25 बुजुर्ग महिलाएं, 15 बच्चे, 15 पुरुष और पांच दिव्यांगजन शामिल रहे।
शिविर में चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए उपजिला चिकित्सालय टनकपुर की सीनियर सर्जन डॉ. प्रभा जोशी एवं चंदनी की फार्मासिस्ट डॉ. निर्मला ओली का विशेष सहयोग रहा। क्लब ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए टनकपुर एसडीएम प्रमोद कुमार, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी और ईओ दीपक चंद्र बुडलाकोटी का आभार जताया।
क्लब की संरक्षिका लीला तिवारी, सेवानिवृत्त संगीत अध्यापिका और गीता चंद, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका के मार्गदर्शन में शिविर की व्यवस्थाएं संचालित की गईं। अध्यक्ष सुमन वर्मा, उपाध्यक्ष हेमा जोशी, सचिव पुष्पा मुरारी, उपसचिव दीप्ति चंद, कोषाध्यक्ष पूनम गड़कोटी, उपकोषाध्यक्ष रेनू चंद, मीडिया प्रभारी ऋचा भट्ट, सह मीडिया प्रभारी आशा पुजारी सहित क्लब की सदस्य बहनों ने सक्रिय सहयोग किया।
अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े ऐसे सामाजिक प्रयास आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगियों और क्लब की सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
Tags :
अच्छी पहल