सैलानीगोठ चोरीकांड का खुलासा नहीं, : 10 दिन बाद भी सैलानीगोठ चोरीकांड का नहीं खुला राज, एसओजी-पुलिस जांच में जुटी
Abid Hussain
Sat, Sep 26, 2026
सीसीटीवी, सर्विलांस और पूछताछ के जरिए सुराग तलाश रही टीम, क्षेत्रवासियों को खुलासे का इंतजार
टनकपुर। सैलानीगोठ में हुई चोरी की वारदात को 10 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। हालांकि चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले के खुलासे के लिए एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम लगातार संभावित सुरागों की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ निहारिका सेमवाल ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पुलिस टीम हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। घटना से जुड़े संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा सर्विलांस के जरिए भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम चोरी की वारदात से जुड़े घटनाक्रम को जोड़ने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और संभावित आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के 10 दिन बाद भी चोरी का खुलासा नहीं होने से क्षेत्रवासियों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। लोगों की निगाहें अब एसओजी और पुलिस की संयुक्त जांच पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही मामले में ठोस सुराग जुटाकर चोरीकांड का खुलासा करेगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 10 दिन से चल रही जांच आखिर कब नतीजे तक पहुंचेगी और सैलानीगोठ चोरीकांड से कब पर्दा उठेगा, यह अहम सवाल है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़