‘नशा नहीं, शिक्षा अपनाओ’ के नारों से गूंजा टनकपुर, : गांधी-शास्त्री जयंती पर निकली विधिक जागरूकता रैली
Abid Hussain
Fri, Oct 2, 2026
टनकपुर। बाह्य न्यायालय टनकपुर में शुक्रवार को महात्मा गांधी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर साक्षरता एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत के दिशा-निर्देशन में सिविल जज जूनियर डिवीजन रुचिका नरूला एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल जज जूनियर डिवीजन रुचिका नरूला ने बाह्य न्यायालय परिसर में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया। इस दौरान लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र विकास में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
इसके बाद सिविल जज रुचिका नरूला, न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी और पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल की गरिमामयी उपस्थिति में PLV, प्रो बोनो PLV, बाह्य न्यायालय स्टाफ एवं पुलिस विभाग के सहयोग से नगर के मुख्य मार्गों पर विधिक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संकल्प लिया गया।
रैली के दौरान "नशा नहीं शिक्षा अपनाओ, देश को खुशहाल बनाओ", "विधिक सेवा का यह अभियान, ड्रग्स मुक्त हो हर इंसान", "जन-जन ने मन में ठाना है, ड्रग्स मुक्त भारत बनाना है", "नशा करता है बर्बादी, इससे पानी है आजादी", "स्वस्थ जीवन का एक ही नारा, ड्रग्स मुक्त हो घर-परिवार" सहित विभिन्न नारे लगाए गए।
रैली के माध्यम से आम जनता को सुलभ न्याय प्रक्रिया, बाल विवाह की रोकथाम, दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता और सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति का संदेश दिया गया। साथ ही शिक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण तथा स्वस्थ भारत अभियान को मजबूत करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल, सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र धामी, सुनीता कार्की बाह्य न्यायालय के नाजिर भरत बोहरा, एडवोकेट विजय शुक्ला, PLV अर्जुन सिंह, बिजेंद्र अग्रवाल, अजय गुर्रानी, अमित कुमार, इजहार अली, प्रकाश आर्य, किरन गहतोड़ी, शमशाद बनो, किरन जोशी, सोनी सिंह, दीपा देवी, राधिका अधिकारी, हरिप्रिया जोशी, रीता कलखुड़िया, प्रियंका पचौली, सोनी जहां, कुंवर सिंह भंडारी, सुनील कुमार, अनिल कुमार, प्रमोद कुमार, विजयानंद जोशी, सुनीता टम्टा, अंजू बोहरा, कमला जोशी, राधा चंद और नीरू बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Tags :
दमदार मिसाल