टनकपुर रोडवेज में प्रशासन बनाम कर्मचारी: शोषण, भ्रष्टाचार और दमन के : खिलाफ 12 फरवरी से चक्का जाम जैसे हालात
Abid Hussain
Thu, Feb 5, 2026
टनकपुर रोडवेज में प्रशासन बनाम कर्मचारी: शोषण, भ्रष्टाचार और दमन के खिलाफ 12 फरवरी से चक्का जाम जैसे हालात
टनकपुर।उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने टनकपुर डिपो में व्याप्त कर्मचारी शोषण, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक दमन के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। डिपो कार्यालय में आयोजित आपात बैठक में कर्मचारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो 12 फरवरी 2026 से पूर्ण कार्यबहिष्कार किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह विभागीय अधिकारियों की होगी।
बैठक में खुलासा किया गया कि ड्यूटी के लिए उपस्थित होने के बावजूद कर्मचारियों को जानबूझकर ड्यूटी नहीं दी जा रही है, बसों की हालत खस्ताहाल है, वर्कशॉप में स्पेयर पार्ट्स और मोबिल ऑयल तक उपलब्ध नहीं है, जिससे न केवल कर्मचारियों बल्कि यात्रियों की जान भी जोखिम में डाली जा रही है।
यूनियन ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की आवाज उठाने वाले पदाधिकारियों हरीश जोशी, नीरज सिंह, रवि शर्मा का जबरन स्थानांतरण और चालक विनोद पाठक का त्वरित निलंबन एक सोची-समझी साजिश है, ताकि भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने वालों को डराया जा सके। यूनियन ने इसे “तानाशाही रवैये की पराकाष्ठा” बताया।
संगठन ने स्पष्ट कहा कि सिर्फ एक दिन के भीतर स्पष्टीकरण और निलंबन की कार्रवाई न्याय, नियम और सेवा शर्तों का खुला मज़ाक है। सोशल मीडिया में सामने आई बातों को आधार बनाकर कर्मचारी को बलि का बकरा बनाना प्रशासन की हताशा को दर्शाता है।
यूनियन की मंडल कार्यकारिणी की आपात बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर टनकपुर मंडल में व्याप्त भ्रष्टाचार, कर्मचारियों पर हो रहे अत्याचार और आंदोलन की पूरी रूपरेखा रखी जाएगी। यूनियन ने साफ किया कि यदि मुख्यमंत्री स्तर से हस्तक्षेप नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
बैठक में सहायक महाप्रबंधक के.एस. राणा और मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल पर सीधे तौर पर कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया गया। कर्मचारियों ने चेताया कि अब “डरने का नहीं, लड़ने का समय” आ चुका है।
इस उग्र बैठक में प्रवीण जोशी, हरीश जोशी, शेर सिंह बिष्ट, रवि शर्मा, विनोद पाठक, विकास बहादुर, धीरज फर्त्याल सहित तमाम ट्रेड यूनियन नेता और कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags :
मुख्यमंत्री से करी मांग