30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक गूंजेगा रामलीला का जयघोष, भागवत कथा से लेकर : भव्य पुतला दहन तक होंगे आयोजन
Abid Hussain
Wed, Sep 23, 2026
टनकपुर। नगर में इस बार धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का भव्य संगम देखने को मिलेगा। नवयुवक रामलीला कमेटी की ओर से 30 सितंबर से 21 अक्टूबर 2026 तक दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आयोजन की शुरुआत 25 सितंबर को भूमि पूजन से होगी। इसके बाद 30 सितंबर को मां शारदा के तट से रामलीला मैदान तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। 1 से 7 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से 7 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा प्रवाहक देवी दिव्यांशी किशोरी जी श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगी।
8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे हवन एवं भंडारे का आयोजन होगा। वहीं 9 और 10 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 अक्टूबर से श्रीरामलीला मंचन शुरू होगा, जो महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में रहेगा।
दशहरे के अवसर पर 20 अक्टूबर को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का भव्य दहन किया जाएगा। इस दौरान आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। महोत्सव के अंतिम दिन 21 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बंपर लकी ड्रा का आयोजन किया जाएगा।
नवयुवक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़