टनकपुर पालिका बोर्ड ने सीएम धामी का जताया आभार, : ऐतिहासिक फैसलों पर बांटी मिठाई
Abid Hussain
Mon, Oct 5, 2026
भूमि पट्टों के नियमितीकरण, आवास, कॉरिडोर और इंजीनियरिंग कॉलेज के विस्तार के निर्णयों का किया स्वागत
टनकपुर। नगर पालिका परिषद टनकपुर कार्यालय में सोमवार को पालिका बोर्ड, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों एवं नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में बनबसा में 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुई उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के लिए लिए गए जनहितकारी निर्णयों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया गया।
बैठक में भूमि की विभिन्न श्रेणियों तथा तराई-भावर स्टेट के भूमि पट्टों के नियमितीकरण की कार्यवाही शीघ्र शुरू किए जाने के निर्णय को क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। इसके साथ ही टनकपुर-बनबसा के सभी वार्डों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत कच्चे मकानों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के निर्णय का भी स्वागत किया गया।
वहीं, शारदा कॉरिडोर एवं कैनाल कॉरिडोर के तहत टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के प्राचीन एवं पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं विस्तारीकरण तथा एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय टनकपुर के विस्तारीकरण के लिए 2.01 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने के निर्णय को भी क्षेत्र के विकास के लिए अहम कदम बताया गया।
पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए इन निर्णयों से टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी और आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई गई। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण भी किया गया।
बैठक में सभासद दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, सव्या वाल्मीकि, चर्चित शर्मा, आशा भट्ट, बबीता वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सविता बिष्ट, नामित सदस्य निगम गुप्ता, रीता कलखुड़िया, धर्मपाल आर्य, मुकेश साहू, नवयुवक रामलीला कमेटी अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी व किरण देवी, भाजपा महिला मोर्चा की कंचन बोहरा, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुँवर, ग्राम प्रधान नायकगोठ सहित सामाजिक कार्यकर्ता, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं एवं क्षेत्र की मातृशक्ति मौजूद रही।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़