सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट में दीपावली महोत्सव की धूम, : रंगारंग प्रस्तुतियों और प्रतिभाओं ने मोहा मन
Abid Hussain
Thu, Nov 5, 2026
सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट में दीपावली महोत्सव की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों और प्रतिभाओं ने मोहा मन
विधायक शिव अरोरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, लकी ड्रॉ में लवप्रीत कौर ने मारी बाजी
रुद्रपुर। सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस में दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से संपन्न हुआ। दीपों की रोशनी, रंग-बिरंगी सजावट और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का ऐसा प्रदर्शन किया कि अतिथि भी उनकी सराहना किए बिना नहीं रह सके।
महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर एवं सीडीओ दिवेश शाशनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, नवाचार और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ आपसी सहयोग और रचनात्मकता का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना भी की।
दीपावली महोत्सव के लिए संस्थान परिसर को आकर्षक झालरों, दीपों और फूलों से सजाया गया था। मेले में विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल, मनोरंजक गेम्स, सेल्फी पॉइंट और आकर्षक रंगोलियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए वर्किंग मॉडल, शैक्षणिक प्रोजेक्ट और पोस्टर प्रदर्शनी ने उनकी तकनीकी समझ और नवाचार की क्षमता को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में आयोजित विशेष लकी ड्रॉ प्रतियोगिता ने भी खूब उत्साह बटोरा। प्रतियोगिता में एसएस पब्लिक स्कूल की लवप्रीत कौर ने प्रथम, ब्लूमिंग डेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अमन मौर्य ने द्वितीय तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज दिनेशपुर की रिया रॉय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा दस सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए। शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष लकी ड्रॉ ने भी समारोह में उत्साह का रंग भर दिया।
पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन साहिल छाबड़ा, अनुभव बाठला, रजत धवन और शिवम शर्मा ने किया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन राजेश डावर, प्रबंध निदेशक सीए शिव अरोरा, प्रबंध निदेशिका डॉ. सीमा अरोरा, को-चेयरमैन प्रीत ग्रोवर, मैनेजमेंट सदस्य वंश डावर, रितु डाबर, ज्योति ग्रोवर, संगीता ग्रोवर, पंकिला डाबर, शौर्य अरोरा, संस्थानाध्यक्ष ललित सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य फार्मेसी डॉ. प्रवीन कुमार, प्रधानाचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग डॉ. विवेक त्रिवेदी, उपप्रधानाचार्य मुकेश कुमार एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुभव बाठला सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों और संस्थान परिवार ने सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश देते हुए प्रकाश, प्रेम, आनंद और आपसी सद्भाव का संकल्प लिया। संगीत, स्वाद, कला और मनोरंजन से सजे इस भव्य आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया। सिक्स सिग्मा इंस्टीट्यूट का यह दीपोत्सव सांस्कृतिक एकता, रचनात्मकता और सामाजिक समरसता की खूबसूरत मिसाल बनकर संपन्न हुआ।
Tags :
दमदार मिसाल