टनकपुर होली मिलन में पत्रकारों का सशक्त संगम, विकास और जनहित को नई : दिशा देने का संकल्प
Abid Hussain
Thu, Feb 26, 2026
टनकपुर (चम्पावत)। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के सहयोग से टनकपुर स्थित उत्सव गार्डन में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में जिलेभर के पत्रकारों की मजबूत और प्रभावी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में साफ संदेश दिया गया कि पत्रकारिता और प्रशासन के समन्वय से जिले के विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार तथा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल रहे। जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि और नोडल अधिकारी ने जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों का माल्यार्पण कर एवं उत्तराखण्डी टोपी पहनाकर सम्मान किया।
अपने संबोधन में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं, जो जनता और शासन-प्रशासन के बीच सेतु का काम करते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों की सक्रिय भूमिका से ही विकास योजनाओं की वास्तविक तस्वीर सामने आती है और प्रशासन को जवाबदेह बनाया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री की “आदर्श चम्पावत” की परिकल्पना को साकार करने में पत्रकारों के सहयोग को निर्णायक बताया।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने कहा कि जिले के पत्रकारों ने अपनी निर्भीक और जिम्मेदार लेखनी से हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी पत्रकार प्रशासन के साथ मिलकर विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।चम्पावत पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चन्द्र बल्लभ ओली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैंप कार्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन ने पत्रकारों और प्रशासन के बीच समन्वय और संवाद को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सक्रिय सहभागिता से चम्पावत निश्चित रूप से नई बुलंदियों तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम का संचालन संगठन महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट तथा सतीश जोशी ‘सत्तू’ ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या मे जनपद चंपावत के पत्रकार और कैंप कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि चम्पावत में पत्रकार और प्रशासन मिलकर जनहित, पारदर्शिता और विकास के एजेंडे को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Tags :
अच्छी पहल