अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी रेखा यादव ने कसी पुलिसिंग, : 15 पुलिसकर्मी सम्मानित
Abid Hussain
Fri, Aug 21, 2026
अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी रेखा यादव ने कसी पुलिसिंग, 15 पुलिसकर्मी सम्मानित
चम्पावत। पुलिस लाइन चम्पावत में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव (आईपीएस) की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण और पुलिसिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
गोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर हेड कांस्टेबल तपेन्द्र जोशी को “बेस्ट एम्प्लॉय ऑफ द मंथ—अगस्त 2026” चुना गया। इसके अलावा सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक अकरम अहमद, उपनिरीक्षक बलवंत सिंह, हेड कांस्टेबल ललित श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल महेन्द्र डंगवाल, हेड कांस्टेबल संजय जोशी, कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, कांस्टेबल प्रशान्त बोहरा, कांस्टेबल दीपांशु बिष्ट, कांस्टेबल हेमन्त जोशी, कांस्टेबल जीवन कुमार, कांस्टेबल संतोष कुमार, कांस्टेबल अतुल कुमार, लीडिंग फायरमैन राजेन्द्र नाथ, कांस्टेबल विक्रम सिंह बिष्ट तथा कांस्टेबल हितेन्द्र वर्मा शामिल रहे।
एसपी रेखा यादव ने कहा कि जनता की सुरक्षा, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग चम्पावत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने, फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा सभी ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने किरायेदार सत्यापन अभियान तेज करने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा। ई-ऑफिस प्रणाली के अधिकतम उपयोग, केस ऑफिसर स्कीम के प्रभावी अनुपालन और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों, वारंटियों, नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं ऑपरेशन कालनेमी के तहत धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर ठगी करने वालों का सत्यापन कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में MRM, GRM, समन्वय एवं सहयोग पोर्टल के प्रभावी उपयोग, JMIS, CRIMAC, CEIR और NATGRID जैसे पोर्टलों के माध्यम से सूचनाओं के बेहतर समन्वय तथा सोशल मीडिया की लगातार निगरानी पर भी जोर दिया गया। एसपी ने भ्रामक, आपत्तिजनक और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सोशल मीडिया पोस्टों पर तत्काल कार्रवाई करने, NBW/BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इनकी रही मौजूदगी:
गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल, क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र सिंह कप्रवाण, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी चम्पावत तनुजा वर्मा, निरीक्षक अभिसूचना इकाई हेमन्त कुमार भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन भगवत सिंह राणा, निरीक्षक दूरसंचार विजय सिंह अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक यातायात महेश प्रसाद, प्रधानलिपिक बबिता आर्या, प्रभारी मीडिया सेल ओमप्रकाश सहित समस्त प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, एसओजी एवं शाखा प्रभारी तथा पुलिस लाइन व पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी रेखा यादव ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता का विश्वास मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “जनता का विश्वास—पुलिस की ताकत, अपराध पर प्रहार—चम्पावत पुलिस का संकल्प है।”
Tags :
दमदार मिसाल