चम्पावत में विज्ञान की गूंज: माँ पूर्णागिरि कॉलेज ऑफ नर्सिंग में हुई : विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग – क्विज 2025 की जिलास्तरीय भिड़ंत।
■■ नवाचार, ज्ञान और प्रतिस्पर्धा से भरे माहौल में उभरी लोहाघाट ब्लॉक की टीम विजेता।
चम्पावत। माँ पूर्णागिरि कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मुड़ियानी—चम्पावत में आज विज्ञान के अनुपम उत्सव का माहौल देखने को मिला, जब उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) और शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग – विज्ञान क्विज 2025 का जिला स्तरीय आयोजन भव्य रूप से आयोजित हुआ। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों के उत्साह, ज्ञान की चमक और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना से सराबोर नजर आया। दीप प्रज्वलन के साथ शुरुआत, मुख्य शिक्षा अधिकारी ने भरी ऊर्जा, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा—
“विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि सोचने का तरीका है… और ऐसे आयोजन बच्चों में नवाचार की भावना को पंख देते हैं।” विशिष्ट अतिथियों का प्रेरक संदेश—'नशे से दूर रहें, विज्ञान से जुड़ें' कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, पूर्व प्रधानाचार्य बी.सी. जोशी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने व विज्ञान की दुनिया में अपना भविष्य तलाशने का संदेश दिया।
पूर्व बैंक अधिकारी जनार्दन चिलकोटी, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश अधिकारी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी प्रतियोगिता को सराहा और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। बेहतरीन संचालन और अनुशासित प्रबंधन कार्यक्रम का संचालन विज्ञान समन्वयक नरेश जोशी ने किया, जबकि संयोजक नवीन पंत ने प्रतियोगिता की पूरी रूपरेखा और नियम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में ललित मोहन बोहरा से लेकर योगेश जोशी तक, और सुनील पांडेय से लेकर मनोज पचौली तक—जिले के अनेक शिक्षक, शिक्षाविद और गणमान्य व्यक्तित्व मौजूद रहे। चार चरणों की तेज-तर्रार प्रतियोगिता, हर राउंड में दिखी दिमागी धार। क्विज के राउंड में शामिल थे लिखित परीक्षा, एमसीक्यू राउंड, बजर राउंडक्, ऑडियो-विजुअल राउंड बच्चों की तेज प्रतिक्रियाएँ, वैज्ञानिक तर्क और आत्मविश्वास ने हर राउंड को रोमांचक बना दिया। जिले के परिणाम—लोहाघाट फिर आया आगे पहला स्थान लोहाघाट, दूसरा स्थान पाटी, तीसरा स्थान बाराकोट, चौथा स्थान चम्पावत, लोहाघाट की विजेता टीम अब देहरादून में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चम्पावत जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
समापन पर सम्मान समारोह, मेजबान विद्यालय ने जताया आभार। समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मनोज सकलानी ने अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों तथा सहयोगियों का आभार प्रकट किया। अतिथियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और सम्मान प्रदान किए गए, जिससे विद्यार्थियों के चेहरे उपलब्धि की खुशी से खिल उठे।
Tags :
अच्छी पहल