हरेला पर सेवा संकल्प फाउंडेशन का हरित संकल्प, 1200 : पौधों का निःशुल्क वितरण
Abid Hussain
Thu, Jul 16, 2026
टनकपुर, 16 जुलाई। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से खेल मैदान (भूमिया मंदिर के निकट), आमबाग–छीनीगोठ, टनकपुर में वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। फाउंडेशन की ओर से आम, लीची, अमरूद, नींबू, कटहल, जामुन, आँवला और अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 1200 फलदार एवं छायादार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, सरोज चंद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, ग्राम प्रधान राधिका चंद, भाजयुमो जिला अध्यक्ष मुकेश जोशी, ग्राम प्रधान छीनीगोठ इंद्रदेव विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार, नगर पालिका परिषद बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, मंडल अध्यक्ष टनकपुर तुलसी कुंवर, मंडल अध्यक्ष बनबसा कमलेश भट्ट, दीपक पचोली, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भैरव दत्त जोशी, मंडल महामंत्री टनकपुर कुमुद जोशी, हरीश कॉलोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सेवा संकल्प फाउंडेशन ने सभी अतिथियों, मातृशक्ति, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए हरेला पर्व के संदेश "एक व्यक्ति–एक पौधा" को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। फाउंडेशन ने कहा कि प्रकृति संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
Tags :
दमदार मिसाल