शहीद प्रेमचंद संपर्क मार्ग निर्माण को लेकर अधिकारियों का निरीक्षण, : काम में तेजी लाने के निर्देश
Abid Hussain
Thu, Nov 26, 2026
चंदनी गांव में 200 मीटर सड़क निर्माण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत, 6800 मीटर के लक्ष्य में अब तक 3400 मीटर कार्य पूरा
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चंदनी ग्रामसभा में शहीद प्रेमचंद संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य को गति देने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
चंदनी ग्रामसभा में महेश भट्ट के घर से गगन राम के घर तक 200 मीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण प्रस्तावित है। लंबे समय से संपर्क मार्ग की सुविधा की जरूरत महसूस कर रहे क्षेत्रीय लोगों को सड़क निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह और अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कार्मिकों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
विभागीय जानकारी के अनुसार संबंधित सड़क निर्माण कार्यों में कुल 6,800 मीटर के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3,400 मीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। शेष कार्य को गति देने के लिए नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क निर्माण पूरा होने से चंदनी गांव के लोगों को संपर्क मार्ग तक पहुंचने में सहूलियत होगी और रोजमर्रा के आवागमन की परेशानी कम होने की उम्मीद है।
Tags :
अच्छी पहल
विज्ञापन