Thu 12 Mar 2026

ब्रेकिंग

गोविंद आर्य (गैस प्रबंधक टनकपुर)

भव्य परेड, GM जावेद अंसारी ने जवानों की सराहना की

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने परिवहन निगम प्रबंधन को भेजा नोटिस

अधिकारी चंपावत

रंजन आर्या (महाप्रबंधक) एनएचपीसी

सुचना

CM पुष्कर सिंह धामी ने किया चम्पावत में होली महोत्सव का शुभारंभ, : सांस्कृतिक विरासत को संजोने का दिया संदेश

Abid Hussain

Tue, Feb 24, 2026

■■ दो दिवसीय महोत्सव में खड़ी-बैठकी होली की गूंज, विकास परियोजनाओं और पर्यटन को लेकर भी कही अहम बात

चम्पावत, काली कुमाऊँ की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से कलश कला समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय होली महोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार को जनपद मुख्यालय स्थित श्री दीवान सिंह लड़वाल स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया।

दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ हुए इस सांस्कृतिक महोत्सव में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक खड़ी होली और बैठकी होली की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खड़ी होली उत्तराखंड की लोक-सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है और यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं को सशक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कुमाऊँ की होली को अनूठी बताते हुए कहा कि खड़ी और बैठकी होली की परंपरा उन्हें अपने बचपन की याद दिलाती है।

उन्होंने चम्पावत को आदर्श और श्रेष्ठ जिला बनाने के लिए चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि जनपद में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, आईएसबीटी, सड़क निर्माण, शारदा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट और गोल्ज्यू कॉरिडोर जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के विस्तार से पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर जी एस खाती समेत अन्य अधिकारियों और प्रतिभागियों ने पारंपरिक होली गायन में हिस्सा लेकर आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। महोत्सव में समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, धर्मराज पुरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कलश कला समिति का यह महोत्सव जनपद में लोक संस्कृति के संरक्षण और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Tags :

दमदार मिसाल

जरूरी खबरें