27 हजार रुपये जमा, सात साल से विनियमितीकरण की आस! आखिर कब दूर होगी 1 ख : की भूमि पर बसे परिवारों की परेशानी?
Abid Hussain
Sun, Nov 15, 2026
माधवी देवी, महेश चंद्र, कृष्णानंद और सुरेश चंद सहित अन्य प्रभावितों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, 15 जुलाई 2019 का धनराशि जमा चालान भी पेश किया**
टनकपुर। वर्ग-1ख की भूमि के विनियमितीकरण का मामला लंबे समय से लंबित होने के कारण प्रभावित परिवारों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। माधवी देवी, महेश चंद्र, कृष्णानंद पुत्र ईश्वरी दत्त, सुरेश चंद पुत्र ईश्वरी दत्त सहित अन्य लोगों ने भूमि के विनियमितीकरण की मांग उठाते हुए जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
प्रभावित लोगों के मुताबिक, उन्होंने पूर्व में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर अपनी समस्या से अवगत कराया था। उनका कहना है कि 15 जुलाई 2019 को जारी आदेश के क्रम में निर्धारित धनराशि जमा कराई गई थी। इसके प्रमाण के तौर पर उन्होंने 27 हजार रुपये का धनराशि जमा करने वाला चालान भी प्रस्तुत किया है। चालान पर 15 जुलाई 2019 की तारीख अंकित है।
प्रभावित परिवारों का कहना है कि वर्ष 2019 में ही धनराशि जमा कराने के बावजूद उनके भूमि संबंधी प्रकरणों का समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में उन्हें लगातार असमंजस और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का सवाल है कि जब निर्धारित प्रक्रिया के तहत धनराशि जमा कराई जा चुकी है तो उनके मामलों में आगे की कार्रवाई आखिर क्यों लंबित है?
प्रभावितों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि उनके प्रकरणों का अभिलेखों के आधार पर परीक्षण कराया जाए और नियमानुसार वन भूमि के विनियमितीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सके। अब बड़ा सवाल यह है कि वर्ष 2019 में 27 हजार रुपये जमा कराने के बाद भी प्रभावित परिवारों को अब तक राहत क्यों नहीं मिली? जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करेंगे, इस पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़
विज्ञापन