रामलीला के मंच का चमकता सितारा हुआ अस्त, दिलीप सिंह के : निधन से क्षेत्र में शोक की लहर
Abid Hussain
Sun, Nov 15, 2026
अस्पताल में कंपाउंडर बनकर वर्षों तक की मरीजों की सेवा, अंगद और विभीषण के किरदारों से रामलीला में बनाई थी खास पहचान
टनकपुर। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने के साथ-साथ चिकित्सा क्षेत्र और धार्मिक सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान रखने वाले विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी दिलीप सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। 60 वर्षीय दिलीप सिंह का शनिवार देर रात बीमारी के चलते निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और भोजीपुरा स्थित श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
दिलीप सिंह ने अपने जीवन का लंबा समय लोगों की सेवा में बिताया। उन्होंने नगर के विभिन्न निजी अस्पतालों में कंपाउंडर के तौर पर कार्य करते हुए वर्षों तक मरीजों की देखभाल की। चिकित्सा सेवाओं के साथ उनका जुड़ाव जितना गहरा था, उतना ही लगाव उन्हें रामलीला के मंच से भी था।
उत्तरांचल रामलीला समिति ज्ञानखेड़ा से जुड़े दिलीप सिंह ने अपने अभिनय से दर्शकों के बीच विशेष लोकप्रियता हासिल की थी। रामलीला में अंगद और विभीषण जैसे महत्वपूर्ण पात्रों का किरदार निभाकर उन्होंने अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया। उनके संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति को दर्शक खूब पसंद करते थे।
मृदुभाषी, सहयोगी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी दिलीप सिंह को क्षेत्र के लोग स्नेहपूर्वक 'दिलीप दा' कहकर पुकारते थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिचितों, शुभचिंतकों और रामलीला से जुड़े लोगों में शोक छा गया।
रविवार को शारदा घाट पर पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र चंदन सिंह ने मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। अंतिम दर्शन और अंतिम यात्रा में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
उत्तरांचल रामलीला समिति ज्ञानखेड़ा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दिलीप सिंह का जाना समिति और क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। रामलीला के मंच पर उनके योगदान और लोगों के प्रति उनके सेवाभाव को हमेशा याद किया जाएगा।
Tags :
शोक समाचार
विज्ञापन