अपोलो के विशेषज्ञ डॉक्टर पहुंचे पावर स्टेशन टनकपुर, मुफ्त चिकित्सा : शिविर में 121 लोगों को मिला स्वास्थ्य का तोहफा!
Abid Hussain
Fri, Jul 31, 2026
बनबसा । टनकपुर पावर स्टेशन के चिकित्सालय परिसर, बनबसा में शुक्रवार को अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली के सहयोग से एक दिवसीय नि:शुल्क मासिक ओपीडी एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कर्मचारियों, उनके परिजनों, सीआईएसएफ जवानों तथा आसपास के ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी सुझाव दिए। कुल 121 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ टनकपुर पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूंजी है और सभी को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराकर अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से इस प्रकार की सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर में अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली से आए हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विभू बहल तथा नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विशेषज्ञ डॉ. निशांत ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं पावर हाउस और बैराज में कार्यरत कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से ऑडियोमेट्री (श्रवण क्षमता) परीक्षण भी कराया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में टनकपुर पावर स्टेशन चिकित्सालय की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में पावर स्टेशन के कर्मचारी, उनके परिवारजन, सीआईएसएफ के जवान एवं आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। पावर स्टेशन प्रबंधन ने बताया कि कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
Tags :
दमदार मिसाल