10 आवारा पशुओं को भेजा गया कालाझाला गौशाला : सीएम के दिशा निर्देश एवं डीएम के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद टनकपुर एवं नगर बनबसा टीम के द्वारा की गई कार्रवाई
टनकपुर/ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश एवं जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्र टनकपुर में आवारा घूमने वाले पशुओं को पकडऩे और उन्हें गौशाला में पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 जून गुरुवार को नगर पालिका टनकपुर की टीम द्वारा मेन रोड़ पर घूमने वाले 10 आवारा पशुओं को पकड़ा गया है। और कालाझाला गौशाला में पहुंचाया गया । नगर पालिका परिषद द्वारा प्रतिदिन आवारा पशुओं को पकडऩे की कार्रवाई की जा रही है । 
इस अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 100 से अधिक मवेशी पकड़े गए है। और उन्हें गौशाला में पहुंचाया गया है। विदित हो कि आवारा मवेशियों के स्वच्छंद विचरण करने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। वहीं जाम की स्थिति भी निर्मित हो रही है। नपा द्वारा आवारा मवेशियों पर अंकुश लगाए जाने के लिए अनेक बार मुनादी भी कराई थी। लेकिन पशु मालिकों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई थी। इसी समस्या को देखते हुए नपा ने आवारा मवेशियों की धरपकड़ अभियान शुरू किया है। इन मवेशियों को पकड़कर नपा द्वारा गौशाला भिजवाया जा रहा है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने बताया कि नगरीय क्षेत्र टनकपुर की सीमा में कहीं पर भी किसी व्यक्ति को आवारा पशु घूमता हुआ या सड़कों पर बैठा हुआ मिले तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका के अमले को प्रदान करें। नगर पालिका का अमला तत्काल मौके पर पहुंचकर उस पशु को गौशाला भेजने का इंतजाम करेगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री की विधानसभा चंपावत के मैदानी क्षेत्र टनकपुर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था के संदर्भ में जब वार्ड सभासदो से बात की गई तो वार्ड 4 के सभासद वकील अंसारी एवं चर्चित शर्मा ने कहा कि अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र की सफाई व्यवस्था चाक चौबंद बनी हुई है। 
अभी कुछ दिन पूर्व ही नालियों की तली झाड़ सफाई भी करवाई गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद के अंतर्गत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में कोई समझौता नहीं किया जाएगा जिसके लिए कर्मचारियों को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
Tags :