रंगों से पहले जागरूकता की बौछार: टनकपुर में जल-संरक्षण : व नशामुक्ति का संदेश
Abid Hussain
Thu, Mar 5, 2026
टनकपुर। वार्ड संख्या छह कर्मचारी कॉलोनी में क्षेत्रवासियों ने होली पर्व को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए एक जागरूकता अभियान चलाया। नशामुक्ति संयोजक एवं प्रवक्ता सामश्रवा आर्य तथा दयानंद इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. मनुश्रवा आर्य के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को नशामुक्ति, जल-संरक्षण और मर्यादित उत्सव मनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान गूंजे प्रेरक नारे—
“आज रंग बरसे, कल पानी को तरसे।”
“पानी बचायें, होली मनायें।”
“होली के रंग, एकता के संग।”
“होली के रंग, मर्यादा के संग।”
वक्ताओं ने कहा कि वैदिक दृष्टि से होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, अग्नि और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। यह पर्व हमें आंतरिक बुराइयों को त्यागकर सामाजिक समरसता और सद्भाव को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपील की कि होली को सादगी, सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधन सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम में धर्मपाल प्रजापति, आनंद प्रजापति, वाजश्रवा आर्य, अग्निवेश, इंद्रवेश, हर्षवर्धन, यशवर्धन, विनोद, रामबाबू, मयंक, लक्की, लक्षिता, ऋषभ, सोनम, माही, गायत्री कृपा, सुधा देवी, साक्षी, मोनिका, प्रियंका, प्रिया, प्रेरणा, स्वस्ति, सभ्यता संस्कृति, नचिकेता, श्री व युक्ति सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अभियान के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज और जल-संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। यह पहल क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।
Tags :
होली स्पेशल