खटीमा में जुलूसे मोहम्मदी बड़े ही अदब और शान के साथ : मनाए जाने की करी अपील
Abid Hussain
Fri, Aug 21, 2026
खटीमा। बुधवार 26 अगस्त को खटीमा में जुलूसे मोहम्मदी धार्मिक मर्यादा, शांति और अनुशासन के साथ निकाला जाएगा। जुलूस के दौरान किसी भी व्यक्ति से छींटाकशी, अभद्र व्यवहार या अशोभनीय टिप्पणी नहीं की जाएगी। जुलूस की व्यवस्था और अनुशासन को लेकर इस्लामनगर स्थित मदरसा गौसिया में शहर के उलमा और सम्मानित लोगों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि जुलूसे मोहम्मदी धार्मिक आयोजन है, इसलिए इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति अदब और मर्यादा का विशेष ध्यान रखे। किसी भी राहगीर पर छींटाकशी, फब्ती कसने अथवा अभद्र टिप्पणी करने वालों से पूरी तरह परहेज किया जाएगा। जुलूस के दौरान किसी से विवाद करने या माहौल खराब करने की भी अनुमति नहीं होगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जुलूस में डीजे, बाजे अथवा ऐसे किसी भी साधन का प्रयोग नहीं किया जाएगा, जिससे धार्मिक वातावरण प्रभावित हो। कार, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहनों को जुलूस में शामिल करने पर भी रोक रहेगी। आतिशबाजी, खेलकूद, हंसी-मजाक, गाली-गलौज और अनुशासनहीन गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।
आयोजकों ने लोगों से इस्लामी परिधान पहनकर और हाथ में इस्लामी झंडा लेकर शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस में शामिल होने का आह्वान किया। वुजू के साथ दुरूद और नात पढ़ने तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक नारे लगाने से बचने की अपील की गई। इसके अलावा धूम्रपान, गुटखा, पान, नशा और जुए जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
बैठक में कहा गया कि पैगंबर हजरत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के मुबारक जन्म के अवसर पर समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द कायम करने का संकल्प लिया जाए। साथ ही देश और समाज की सेवा तथा सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।
पूर्व की परंपरा के अनुसार जुलूस निर्धारित पुराने मार्गों से होते हुए खटीमा चौराहे पहुंचेगा। यहां सलाम और दुआ के साथ जुलूस का समापन किया जाएगा।
हजरत मौलाना इरफानुल-हक कादरी की सरपरस्ती में हुई बैठक में मुफ्ती फरियाद आलम, हाफिज इरशाद तहसीनी, मुफ्ती सईद अनवर इरशादी, मुफ्ती शाहिद मंजरी, हाफिज इसरार अहमद, मौलाना अमानुल हक कादरी, हाफिज शराफत अजहरी, हाफिज अब्दुल बासित, हाफिज जफरुद्दीन, मौलाना अदील फैयाजी, हाफिज नफीस अहमद, मौलाना तौसीफ (मुखिया), हाफिज इरशाद मुशाहिदी, मौलाना रजी मरकजी सहित शहर के अन्य उलमा, सम्मानित लोग और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़