विधिक और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान, अर्जुन सिंह बने चम्पावत के : बेस्ट परफॉर्मिंग पीएलवी
Abid Hussain
Sat, Nov 28, 2026
10 साल से अधिक समय से जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे कानूनी जागरूकता और सहायता
टनकपुर। विधिक और सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सेवा, जनजागरूकता और जरूरतमंदों को न्याय तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए चम्पावत जनपद के पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) अर्जुन सिंह को राज्यस्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। नैनीताल उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें बेस्ट परफॉर्मिंग पीएलवी पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने अर्जुन सिंह को प्रदान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के सचिव भावदीप राउते की संस्तुति पर उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया गया।
अर्जुन सिंह एक दशक से अधिक समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के माध्यम से पैरालीगल वॉलंटियर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विधिक जागरूकता फैलाने, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उनके लगातार उल्लेखनीय कार्यों और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत ने उनका नाम राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को बेस्ट परफॉर्मिंग पीएलवी पुरस्कार के लिए भेजा था।
सम्मान प्राप्त होने पर अर्जुन सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के सचिव भवदीप राउते, तहसील विधिक सेवा समिति पूर्णागिरि टनकपुर की अध्यक्ष रुचिका नरूला और न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल रानी का आभार जताया।
यह सम्मान न केवल अर्जुन सिंह के वर्षों के समर्पण और मेहनत की पहचान है, बल्कि विधिक जागरूकता के माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को न्याय की राह दिखाने वाले कर्मयोगियों के योगदान को भी सम्मानित करता है।
Tags :
दमदार मिसाल
विज्ञापन