सरस मेले में वाहनों के टायरों की हवा निकालने की घटना डीएम के निर्देश : पर त्वरित कार्रवाई, कोतवाल चेतन रावत ने संभाला मोर्चा
Abid Hussain
Sat, Feb 21, 2026
टनकपुर, चंपावत। सरस मेले के दौरान पेट्रोल पंप परिसर में खड़े कई वाहनों के टायरों की हवा निकाले जाने की घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से स्थिति को शीघ्र नियंत्रित कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष एवं त्वरित जांच के निर्देश दिए। उनके स्पष्ट निर्देशों के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
टनकपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) चेतन रावत स्वयं मेले की व्यस्त ड्यूटी के बावजूद घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देशन में पेट्रोल पंप प्रबंधन से पूछताछ की गई तथा प्रभावित वाहनों के टायरों में तुरंत दोबारा हवा भरवाई गई, जिससे लोगों को राहत मिली और वे सुरक्षित अपने घर लौट सके।
जांच के दौरान पाया गया कि पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क लंबे समय से खराब थी, जिसके कारण घटना का कोई फुटेज उपलब्ध नहीं हो सका। पुलिस की सख्ती के बाद पेट्रोल पंप स्वामी ने तत्काल तकनीशियन बुलाकर सीसीटीवी सिस्टम की मरम्मत कराई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
अगले दिन कोतवाली में पीड़ित पक्ष एवं पेट्रोल पंप स्वामी को बुलाकर आवश्यक पूछताछ की गई। पुलिस प्रशासन की सक्रिय एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली से पीड़ित पक्ष संतुष्ट दिखाई दिया और किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
पुलिस ने बताया कि देर रात इस शरारत को अंजाम देने वाले अज्ञात तत्वों की पहचान के प्रयास जारी हैं। साथ ही सरस मेले में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि भविष्य में आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की तत्पर कार्रवाई से आमजन में विश्वास और सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है तथा सरस मेला शांतिपूर्ण वातावरण में जारी है।
Tags :
चंपावत पुलिस की कार्रवाई