रिपोर्ट: आबिद सिद्दीकी, गंदगी पर भड़के वार्ड सभासद शैलेंद्र, खुद सड़क : पर उतरकर संभाली कमान
Abid Hussain
Fri, Jun 5, 2026
टैक्सी स्टैंड के पास जेसीबी चलवाकर कराई सफाई, लापरवाह लोगों को दी चेतावनी
शराबियों द्वारा नालियों में फेंके जा रहे पाउच से बढ़ी समस्या, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया के जरिए जनता से की अपील—‘स्वच्छता अभियान में दें सहयोग’
टनकपुर / क्षेत्र में लगातार मिल रही गंदगी और जाम नालियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वार्ड सभासद शैलेंद्र स्वयं सड़क पर उतर आए। उन्होंने टैक्सी स्टैंड के समीप मौके पर खड़े होकर जेसीबी मशीन के माध्यम से व्यापक सफाई अभियान चलवाया और लंबे समय से जमा कचरे को हटवाया।
शैलेंद्र ने कहा कि कुछ लोग टैक्सी स्टैंड के आसपास शराब का सेवन करने के बाद माल्टा और अन्य पाउच नालियों में फेंक रहे हैं, जिससे नालियां लगातार चोक हो रही हैं और गंदगी फैल रही है। उन्होंने इसे सार्वजनिक व्यवस्था और स्वच्छता के लिए गंभीर समस्या बताते हुए प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सभी लोग सफाई अभियान में सहयोग करें और कूड़ा-कचरा नालियों व सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें।
वार्ड सभासद ने चेतावनी दी कि यदि गंदगी फैलाने वालों पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से नियमित निगरानी और दोषियों पर जुर्माना लगाने की भी मांग की है।
क्षेत्रवासियों ने सफाई अभियान की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस पहल से टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को गंदगी से राहत मिलेगी।
Tags :