जिलाधिकारी के निर्देश पर मनिहारगोठ में राशन कार्डों का विशेष सत्यापन : अभियान, अपात्रो पर होगी कार्रवाई
Abid Hussain
Thu, Mar 12, 2026
मनिहारगोठ में राशन कार्डों का विशेष सत्यापन अभियान, पात्र-अपात्र लाभार्थियों की हुई जांच
चम्पावत, जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद के ग्राम सभा मनिहारगोठ में राशन कार्डों के भौतिक सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला पूर्ति विभाग की टीम ने क्षेत्र में घर-घर जाकर अंत्योदय और पात्र गृहस्थी श्रेणी के राशन कार्डधारकों के दस्तावेजों की जांच कर पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों की पहचान की।
जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले लाभ को सही और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है। सत्यापन के दौरान कार्डधारकों के आय, परिवार की स्थिति तथा निर्धारित मानकों के आधार पर दस्तावेजों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जो परिवार अब निर्धारित मानकों के अंतर्गत नहीं आते हैं, वे स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड सरेंडर कर दें, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सत्यापन के बाद कोई अपात्र व्यक्ति अनुचित रूप से राशन लेते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह सत्यापन अभियान आगे भी जनपद के अन्य क्षेत्रों में जारी रहेगा। इस दौरान पूर्ति विभाग के कार्मिक भी मौजूद रहे।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़