मनिहार गोठ में चिल्ड्रन पार्क व जिम के उपकरण हिलने से हादसे का अंदेशा : ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से झूलों व जिम उपकरणों के शीघ्र सुधार की मांग की
Abid Hussain
Fri, Aug 21, 2026
■ मनिहार गोठ में चिल्ड्रन पार्क व जिम के उपकरण हिलने से हादसे का अंदेशा
■ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से झूलों व जिम उपकरणों के शीघ्र सुधार की मांग की
टनकपुर। ग्राम पंचायत मनिहार गोठ में लगाए गए चिल्ड्रन पार्क और ओपन जिम के उपकरणों के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पार्क में लगे कुछ झूले और जिम के एक्सरसाइज उपकरण जमीन में हिलने लगे हैं। ऐसे में इनका इस्तेमाल करने वाले लोगों को दुर्घटना होने का अंदेशा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्क में बच्चे झूलों का इस्तेमाल करते हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से ओपन जिम में पहुंचकर एक्सरसाइज करते हैं। उपकरणों के आधार और जमीन में पकड़ कमजोर होने के कारण एक्सरसाइज के दौरान उपकरण हिलने लगते हैं, जिससे किसी भी समय चोट लगने की आशंका बनी हुई है।
नियमित रूप से जिम में एक्सरसाइज करने वाले लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित रखरखाव टीम से पार्क का निरीक्षण कराकर हिल रहे झूलों एवं जिम उपकरणों को दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते उपकरणों की मरम्मत और मजबूतीकरण नहीं किया गया तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों और युवाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिल्ड्रन पार्क एवं ओपन जिम के सभी उपकरणों की जांच कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराने की मांग की है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़