टनकपुर में सिडकुल की राह हुई साफ, 30 हेक्टेयर भूमि का : स्थलीय निरीक्षण
Abid Hussain
Fri, Aug 21, 2026
टनकपुर में सिडकुल की राह हुई साफ, 30 हेक्टेयर भूमि का स्थलीय निरीक्षण
फागपुर बीट में संयुक्त टीम ने परखी प्रस्तावित भूमि, औद्योगिक विकास की संभावनाओं का लिया जायजा
टनकपुर। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में टनकपुर क्षेत्र में सिडकुल (SIDCUL) की स्थापना की दिशा में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया।
राजस्व, उद्योग, वन, सिंचाई विभाग और सिडकुल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने फागपुर बीट संख्या 15 एवं 16 के अंतर्गत करीब 30 हेक्टेयर भूमि का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने भूमि की स्थिति, वन क्षेत्र, पेड़ों की संख्या और औद्योगिक उपयोग की संभावनाओं को लेकर स्थलीय जानकारी जुटाई।
उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अधिकांश हिस्सा खुला है। क्षेत्र में वृक्षों की संख्या और उनका घनत्व भी न्यूनतम पाया गया है। ऐसे में औद्योगिक विकास की दृष्टि से भूमि को अनुकूल माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि संयुक्त निरीक्षण के माध्यम से भूमि की वास्तविक स्थिति और अन्य आवश्यक पहलुओं का आकलन किया गया है।
सिडकुल की स्थापना होने से टनकपुर क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्रशासनिक स्तर पर भूमि चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने से क्षेत्रवासियों में भी सिडकुल स्थापना को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा, सिडकुल पंतनगर के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मंडल, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़