टनकपुर पावर स्टेशन को मिला एनएचपीसी का प्रतिष्ठित : सर्वश्रेष्ठ पावर स्टेशन’ पुरस्कार
Abid Hussain
Tue, Nov 17, 2026
वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट विद्युत उत्पादन और शानदार प्रदर्शन के लिए मिला सम्मान, पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने ग्रहण किया पुरस्कार
टनकपुर। एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 17 नवंबर 2026 को एनएचपीसी के निगम मुख्यालय फरीदाबाद में आयोजित 52वें स्थापना दिवस समारोह में टनकपुर पावर स्टेशन को ‘सर्वश्रेष्ठ पावर स्टेशन (Best Rated Power Station)- ROR Category-2025-26’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता ने टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्य को यह पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में एनएचपीसी के निदेशकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि एनएचपीसी की ओर से पूरे वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर किसी एक पावर स्टेशन को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना जाता है। वर्ष 2025-26 के दौरान टनकपुर पावर स्टेशन ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किए और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी उपलब्धि के परिणामस्वरूप पावर स्टेशन को यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि पर पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने पूरी टीम और टनकपुर पावर स्टेशन परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस सम्मान के पीछे सभी सदस्यों की कड़ी मेहनत, समर्पण और टीम भावना का महत्वपूर्ण योगदान है। सामूहिक प्रयासों और बेहतर समन्वय के बल पर ही यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हो सकी है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़
विज्ञापन