भारत विकास परिषद की ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में : विजन पब्लिक स्कूल का दबदबा
Abid Hussain
Tue, Nov 17, 2026
जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया, विजेता विद्यार्थी प्रांतीय स्तर पर करेंगे प्रतिभाग
टनकपुर। भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को दयानंद इंटर कॉलेज में किया गया। परिषद अध्यक्ष भुवन चंद्र जोशी की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 11 विद्यालयों तथा सीनियर वर्ग के आठ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों से भारत की भौगोलिक स्थिति, ऐतिहासिक घटनाओं, सांस्कृतिक विरासत और पौराणिक कथाओं से जुड़े रोचक प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए।
प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर वर्ग में विजन पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एबीसी अल्मा मेटर दूसरे और सरस्वती ज्ञान मंदिर तीसरे स्थान पर रहा। वहीं सीनियर वर्ग में भी विजन पब्लिक स्कूल ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। एबीसी अल्मा मेटर ने दूसरा तथा नंदा कॉन्वेंट स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों के विद्यार्थी अब प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम का संयोजन अंकुर टंडन ने किया, जबकि संचालन सरस्वती ज्ञान मंदिर के प्रबंधक जितेंद्र यादव एवं नवल किशोर तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर परिषद पदाधिकारियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर परिषद के सचिव सत्य प्रकाश गुप्ता, संरक्षक राजीव कुमार आर्य, मनु श्रवा, विनय अग्रवाल सहित महिला सहभागिता प्रमुख कल्पना अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, छवि गुप्ता, मोनिका अग्रवाल, रेनू अग्रवाल समेत परिषद के अनेक सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
Tags :
अच्छी पहल
विज्ञापन