सैलानीगोठ के विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, 75 : बच्चों को मिली शिक्षण सामग्री
Abid Hussain
Sat, Aug 15, 2026
टनकपुर। राजकीय उच्च प्राथमिक एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय सैलानीगोठ में संयुक्त रूप से 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ बच्चों ने पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया।
प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने गीत, नृत्य एवं विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता अब्दुल नाजिम रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए लगभग 75 छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से शिक्षण सामग्री प्रदान की। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए। शिक्षण सामग्री मिलने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों को मिष्ठान का वितरण भी किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य उमेश चंद्र जोशी, अशोक कुमार, शिक्षक कैलाश पांडे, जनार्दन खर्कवाल, शिक्षिका भुनेश्वरी जोशी, ममता गहतोड़ी, डॉ. निर्मला, मंजू बिष्ट सहित भोजन माताएं, अभिभावक एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Tags :
स्वतंत्रता दिवस पर विशेष