टनकपुर की बेटी अंजली चंद ने रचा इतिहास, पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल : कर क्षेत्र का नाम किया रोशन
Abid Hussain
Tue, Jun 2, 2026
टनकपुर/चम्पावत। मेहनत, लगन और अटूट आत्मविश्वास के बल पर टनकपुर के ककरालीगेट निवासी अंजली चंद ने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर सहायक नगर आयुक्त (Assistant Municipal Commissioner) के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से टनकपुर सहित पूरे चम्पावत जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग इसे क्षेत्र की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बता रहे हैं।
वर्तमान में अंजली चंद अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा में उपखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। अब पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनके चयन की खबर मिलते ही उनके आवास पर शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों का तांता लग गया तथा सभी ने उन्हें बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंजली ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट फ्रांसिस स्कूल, टनकपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की शिक्षा नौजगे पब्लिक स्कूल, खटीमा से पूरी की तथा उच्च शिक्षा एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से हासिल की। छात्र जीवन से ही वे मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं, जिसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।
अंजली चंद एक प्रतिष्ठित एवं सामाजिक परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता प्रकाश चंद सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसायी हैं, जबकि माता दीपा चंद गृहिणी हैं। उनके चाचा धर्मेंद्र चंद स्वतंत्र पत्रकार, अधिवक्ता एवं शिक्षाविद् हैं, वहीं दूसरे चाचा बसंत राज चंद नगर पालिका में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं।
अपनी सफलता का श्रेय अंजली चंद ने परिवार के सहयोग, सकारात्मक सोच, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास को दिया है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
अंजली चंद की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे टनकपुर, चम्पावत और उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखे जा सकते हैं और उन्हें साकार भी किया जा सकता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अंजली ने अपनी प्रतिभा और संघर्ष के दम पर टनकपुर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई मिसाल कायम की है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़