Thu 12 Nov 2026

ब्रेकिंग

बनबसा में सजेगा शिक्षा का महाकुंभ

40 नग साल चिरान कब्जे में लेकर जांच शुरू

श्रद्धांजलि, जन चेतना दिवस के रूप में मनाया गया कार्यक्रम

अभियान, लोगों को दी मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी

ताकि हर घर रोशन रहे खुशियों से!

सुचना

1200 बच्चों की प्रतिभा को मिलेगा उड़ान का मंच, : बनबसा में सजेगा शिक्षा का महाकुंभ

Abid Hussain

Thu, Nov 12, 2026

14 नवंबर को होगा भव्य इंटर स्कूल कॉम्पिटिशन-2026, पांच जिलों के संसाधनविहीन विद्यालयों के बच्चे दिखाएंगे हुनर; प्रोजेक्ट बियॉन्ड एजुकेशन के नौ वर्ष पूरे होने पर होगा भव्य आयोजन

बनबसा (चंपावत), प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है तो बस उसे एक बेहतर मंच देने की। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट बियॉन्ड एजुकेशन एवं यूकेसी एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से 14 नवंबर को बनबसा में भव्य इंटर स्कूल कॉम्पिटिशन-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में पांच जिलों के 1200 से अधिक बच्चों के शामिल होने की उम्मीद है।

संस्था के नौ वर्ष पूर्ण होने, उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस एवं बाल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीण और संसाधनविहीन विद्यालयों के बच्चों के लिए खास मायने रखता है। बनबसा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों के अशासकीय एवं प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों का उद्देश्य उन बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर देना है, जिनके पास संसाधनों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर नहीं होते। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, प्रतिस्पर्धा की भावना और आगे बढ़ने का जज्बा विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजन समिति का कहना है कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत है उस प्रतिभा को पहचानने, संवारने और प्रोत्साहित करने की। इसी उद्देश्य के साथ संस्था पिछले नौ वर्षों से शिक्षा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रयासरत है।

कार्यक्रम का आयोजन 14 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से डेविड पेंटर हाई स्कूल, गुडमी, गड़ीगोठ, बनबसा में किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षा प्रेमियों से कार्यक्रम में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

इस आयोजन को सफल बनाने में प्रोजेक्ट बियॉन्ड एजुकेशन, यूकेसी एजुकेशन फाउंडेशन (80G), नवी मुंबई/बनबसा, प्रबंधक समिति एवं डेविड पेंटर हाई स्कूल के समस्त शिक्षकगण जुटे हुए हैं।

संदेश साफ है—संसाधन भले कम हों, लेकिन सपनों की उड़ान कभी छोटी नहीं होनी चाहिए।

Tags :

ब्रेकिंग न्यूज़

विज्ञापन

जरूरी खबरें