सैलानीगोठ पूर्वी बिचई में सड़क की चौड़ाई आधी सिमटी, फुटपाथ गायब! : क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है विभाग?
Abid Hussain
Sat, Nov 7, 2026
सैलानीगोठ पूर्वी बिचई में सड़क की चौड़ाई आधी सिमटी, फुटपाथ गायब! क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है विभाग?
मौके पर महज 15 फीट रह गई सड़क, जबकि नक्शे में 30 फीट तक चौड़ाई दर्ज; फुटपाथ की जगह उगी झाड़ियां, सड़क पर लटक रहीं पेड़ों की टहनियां
टनकपुर। सैलानीगोठ पूर्वी बिचई क्षेत्र में सड़क किनारे फुटपाथ की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता तक उपलब्ध नहीं है। हालात यह हैं कि जहां फुटपाथ होना चाहिए, वहां लंबी-लंबी झाड़ियां उगी हुई हैं। वहीं कई स्थानों पर पेड़ों की लंबी-लंबी टहनियां सड़क तक फैली हुई हैं, जो कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौके पर सड़क की वास्तविक चौड़ाई सिमटकर महज 15 फीट रह गई है, जबकि नक्शे में सड़क की चौड़ाई 30 फीट तक दर्ज बताई जा रही है। यानी सड़क की निर्धारित चौड़ाई के मुकाबले मौके पर सड़क आधी रह गई है। इसके चलते वाहनों के आवागमन के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि सड़क किनारे फुटपाथ की जगह झाड़ियों ने कब्जा जमा रखा है। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां भी सड़क की ओर झुकी हुई हैं। ऐसे में पैदल राहगीरों को मजबूरन वाहनों के बीच सड़क पर चलना पड़ता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है। तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की निर्धारित चौड़ाई के अनुरूप सड़क को विकसित किया जाए तथा पैदल चलने वालों के लिए अलग से फुटपाथ बनाया जाए। लेकिन संबंधित विभाग की ओर से इस गंभीर समस्या पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है। ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर निर्धारित चौड़ाई के अनुसार सड़क का चौड़ीकरण कराया जाए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई, पेड़ों की खतरनाक टहनियों की छंटाई और पैदल राहगीरों की सुरक्षा के लिए फुटपाथ का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि संबंधित विभाग कब जागेगा? क्या राहगीरों की सुरक्षा के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा या फिर समय रहते विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्रवाई करेगा? स्थानीय लोग अब विभागीय अधिकारियों से ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Tags :
अतिक्रमण का मामला
विज्ञापन