Sat 18 Jul 2026

ब्रेकिंग

मान, परिवार में खुशी की लहर

अभिषेक गोयल बने सरस्वती शिशु मंदिर बनबसा की प्रबंध समिति के अध्यक्ष

प्रवेश करेगा राधा शरणम् सेवा समिति का आयोजन

बने 'बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ'

एनसीसी कैडेट्स ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सुचना

590 बेटियों ने वर्दी के साथ उठाया जिम्मेदारी का संकल्प दीक्षांत परेड : में गूंजा आत्मविश्वास, सेवा और सुरक्षा का संदेश

Abid Hussain

Mon, Apr 27, 2026

590 बेटियों ने वर्दी के साथ उठाया जिम्मेदारी का संकल्प

दीक्षांत परेड में गूंजा आत्मविश्वास, सेवा और सुरक्षा का संदेश

 रामपुर। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 ने एक ऐतिहासिक क्षण को साक्षी बनाया, जब 590 महिला आरक्षियों ने कठोर प्रशिक्षण के बाद देश सेवा का संकल्प लिया। नौ महीने की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बाद इन बेटियों ने न सिर्फ परेड में शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि गोपनीयता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया।

समारोह की मुख्य अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ अपर्णा कुमार ने परेड की सलामी ली और सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण किया। 21 जुलाई 2025 से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण 26 अप्रैल 2026 को भव्य दीक्षांत परेड के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायक संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त बनने का संदेश दिया।

परेड के दौरान महिला आरक्षियों ने अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। बाह्य विषय में रेणुका रानी, आंतरिक विषय में अंजली चतुर्वेदी और सर्वांग सर्वोत्तम में शिवानी ने बाजी मारी। परेड कमांडर के रूप में आस्था, शारदा पांडेय और कंचन को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही श्रेष्ठ प्रशिक्षकों को भी पुरस्कार देकर उनकी भूमिका को सराहा गया।

समारोह के अंत में सभी महिला आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना और जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने अतिथियों का सम्मान कर कार्यक्रम का समापन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी, परिजन और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

“वर्दी सिर्फ कपड़ा नहीं, जनता का भरोसा है” – अपर्णा कुमार

मुख्य अतिथि अपर्णा कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक परिधान नहीं, बल्कि जनता का विश्वास है। उन्होंने कहा कि एक पुलिसकर्मी की असली सफलता किसी अपराधी को सजा दिलाने से आगे बढ़कर एक पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लाने में है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में चुनौतियां जरूर आएंगी, लेकिन उनका प्रशिक्षण, ईमानदारी और विवेक ही उनकी सबसे बड़ी ताकत होगा। समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति के लिए ढाल बनना ही सच्ची पुलिसिंग है।

अपर्णा कुमार ने यह भी कहा कि ये 590 बेटियां बदलते उत्तर प्रदेश की सशक्त तस्वीर हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी। उन्होंने तकनीकी रूप से मजबूत बनने और स्मार्ट पुलिसिंग को अपनाने पर भी जोर दिया।

समारोह में जोश, गर्व और जिम्मेदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हर बेटी ने वर्दी के साथ अपने कर्तव्य को भी दिल से अपनाने का संकल्प लिया।

Tags :

दमदार मिसाल

जरूरी खबरें