भारतीय सेना की पारदर्शी भर्ती में युवाओं ने दिखाया उत्साह : 1000 से अधिक युवाओं ने किया प्रतिभाग
Abid Hussain
Sun, Mar 1, 2026
बनबसा (चंपावत)। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) पिथौरागढ़ के तत्वावधान एवं जेडआरओ लखनऊ के निर्देशन में बनबसा सैन्य स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का तीसरा दिन सेना के निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान पिथौरागढ़ और चंपावत जनपद के 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) श्रेणी के लिए भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। अभ्यर्थी सुबह निर्धारित समय पर भर्ती स्थल पहुंचे, जहां दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल किया गया। इसमें 1600 मीटर दौड़, बीम (पुल-अप), संतुलन और अन्य निर्धारित परीक्षण सेना के तय मानकों के अनुसार कराए गए। पूरी प्रक्रिया सेना अधिकारियों की निगरानी में अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
भर्ती स्थल पर सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सेना अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सहयोग करने की अपील की।
अभ्यर्थियों में सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। सेना अधिकारियों के अनुसार अग्निवीर भर्ती रैली निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़