55 विधानसभा चंपावत : राहत कोष के नाम पर सियासत! 25 साल की समाजसेवा पर कीचड़ उछालने का आरोप, अध्यक्ष ने दी खुली चुनौती
Abid Hussain
Thu, Apr 9, 2026
चम्पावत में राहत कोष की एक कथित लिस्ट को लेकर सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर चम्पावत भाजपा जिला अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाया है कि कुछ लोग जानबूझकर उनका नाम जोड़कर उनका मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से वे निस्वार्थ भाव से समाजसेवा कर रहे हैं और चम्पावत सहित अन्य जिलों के हजारों गंभीर बीमार लोगों की मदद कर चुके हैं। मरीजों के इलाज के लिए दिल्ली, बरेली, देहरादून और हल्द्वानी तक सहयोग पहुंचाने का दावा किया गया है।
आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि “एक फर्जी लिस्ट में अध्यक्ष लिखकर मुझे टारगेट किया जा रहा है, जो बेहद निंदनीय और दुर्भावनापूर्ण है।” उन्होंने इस कथित साजिश में शामिल लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर 1% भी उनका जुड़ाव साबित हो जाए तो वे गोलू देवता और मां पूर्णागिरी की सौगंध लेकर अपने राजनीतिक जीवन से संन्यास लेने को तैयार हैं।
साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “अगर मेरा नाम बेवजह घसीटना बंद नहीं किया गया तो समय आने पर जवाब भी दिया जाएगा। मैं किसी की तरह चोर या चरित्रहीन नहीं हूं, दिन-रात लोगों की मदद के लिए खड़ा रहता हूं।”
इस बयान के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आरोप लगाने वाले और कथित लिस्ट जारी करने वाले पक्ष से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़