टनकपुर पावर स्टेशन ने रचा नया कीर्तिमान, बढ़ते जलस्तर के साथ तेज हुई : बिजली उत्पादन की रफ्तार
Abid Hussain
Wed, Jun 3, 2026
■टनकपुर पावर स्टेशन ने रचा नया कीर्तिमान, बढ़ते जलस्तर के साथ तेज हुई बिजली उत्पादन की रफ्तार
बनबसा/चंपावत। उत्तराखंड की ऊर्जा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने वाले एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन ने चालू वित्तीय वर्ष के शुरुआती दो महीनों में ही उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 52 मिलियन यूनिट से अधिक विद्युत उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से आने वाले दिनों में उत्पादन में और अधिक बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।
पावर स्टेशन के मुख्य महाप्रबंधक ऋषि रंजन आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि टनकपुर पावर स्टेशन को वर्ष 2026-27 के लिए 452.19 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की दिशा में स्टेशन ने शानदार शुरुआत करते हुए 1 अप्रैल से 1 जून तक 52.368 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर लिया है।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों नदी में जल प्रवाह कम होने के कारण केवल दो टरबाइनों के माध्यम से लगभग 50 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा था। लेकिन अब नदी में जलस्तर बढ़ने लगा है, जिससे जून के बाद तीनों टरबाइनों का पूर्ण संचालन संभव होगा। इसके बाद प्रतिदिन 90 से 99 मेगावाट तक बिजली उत्पादन किए जाने की संभावना है।
वर्तमान में नदी में लगभग 11 हजार क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है, जिससे पावर स्टेशन की उत्पादन क्षमता लगातार मजबूत हो रही है। टनकपुर पावर स्टेशन की एक और विशेषता यह है कि यहां उत्पादित कुल बिजली का 12 प्रतिशत हिस्सा उत्तराखंड राज्य को निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है, जिससे प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि मानसून के दौरान जलस्तर में और वृद्धि होने पर टनकपुर पावर स्टेशन अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य को समय से पहले हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। यह उपलब्धि न केवल एनएचपीसी के लिए बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़