Sat 06 Jun 2026

ब्रेकिंग

रोपवे परियोजनाओं तक किया ताबड़तोड़ निरीक्षण

किया वृक्षारोपण,पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पर उतरकर संभाली कमान

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण कर दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश

सुचना

मानसून से पहले एक्शन मोड में डीएम मनीष कुमार, बाढ़ सुरक्षा से लेकर : रोपवे परियोजनाओं तक किया ताबड़तोड़ निरीक्षण

Abid Hussain

Sat, Jun 6, 2026

मानसून से पहले एक्शन मोड में डीएम मनीष कुमार, बाढ़ सुरक्षा से लेकर रोपवे परियोजनाओं तक किया ताबड़तोड़ निरीक्षण

मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों पर मैदान में उतरे जिलाधिकारी, विकास कार्यों में देरी पर जताई सख्ती

चम्पावत, । आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा सुरक्षा, बाढ़ संरक्षण एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून से पूर्व सभी स्वीकृत कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने टनकपुर, शारदा बैराज, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, बूम और बाटनागाड़ क्षेत्रों का भ्रमण कर बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चैनलाइजेशन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर स्थायी एवं प्रभावी बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।

शारदा नदी तट पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी होना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान शारदा कॉरिडोर एवं शारदा घाट क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील प्रशासन को नियमित निगरानी कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

निर्माणाधीन चूका हेलीपेड का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को अगस्त माह से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपेड परिसर में बाधक पेड़ों के नियमानुसार निस्तारण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

वहीं पूर्णागिरि रोपवे परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और मई 2027 तक परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के इस निरीक्षण अभियान से स्पष्ट है कि प्रशासन मानसून से पहले आपदा सुरक्षा और विकास कार्यों को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की नियमित निगरानी से जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Tags :

ब्रेकिंग न्यूज़

जरूरी खबरें