श्यामलाताल में 7 अप्रैल से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का होगा आयोजन, : विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं
Abid Hussain
Mon, Apr 6, 2026
टनकपुर/श्यामलाताल। विवेकानंद आश्रम, श्यामलाताल द्वारा क्षेत्रवासियों के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष चिकित्सा शिविर मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सा सेवा केंद्र के तत्वावधान में आयोजित होगा।
आश्रम प्रबंधन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस शिविर में काशी के रामकृष्ण मिशन अस्पताल, वाराणसी से आए अनुभवी चिकित्सकों की टीम मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। शिविर में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुणा कुलश्रेष्ठ एवं जनरल फिजीशियन स्वामी अनुग्रहानंद महाराज द्वारा रोगियों का परीक्षण, परामर्श तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा।
चिकित्सा शिविर प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी बड़ी संख्या में लाभ उठा सकेंगे। आश्रम प्रशासन ने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ लेने की अपील की है।
विवेकानंद आश्रम के अध्यक्ष ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठा सके।
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में यह पहल क्षेत्रवासियों के लिए राहत और सहारा साबित होगी।
Tags :