राशन कार्ड सत्यापन ठप, गरीब लाइन में — ‘धन्ना सेठ’ ले रहे पूरा लाभ!” : सवालों के घेरे में व्यवस्था
Abid Hussain
Sun, Feb 22, 2026
चंपावत/ जनपद चंपावत के अधिकांश ग्राम क्षेत्र में लंबे समय से राशन कार्डों का सत्यापन न होने के कारण व्यवस्था सवालों के घेरे में है। जहां एक ओर वास्तविक जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर संपन्न और सक्षम लोग राशन व्यवस्था का खुलकर लाभ उठा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से राशन कार्डों की जांच और पुनः सत्यापन की प्रक्रिया नहीं हुई है। परिणामस्वरूप, ऐसे परिवार जो आर्थिक रूप से मजबूत हैं, वे भी सस्ते गल्ले की दुकान से अनाज प्राप्त कर रहे हैं। वहीं असल पात्र गरीब परिवार, जिनके पास आय का स्थायी साधन नहीं है, वे कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों की पीड़ा
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पात्र परिवारों के नाम सूची में नहीं जोड़े जा रहे हैं, जबकि अपात्र लोगों के नाम वर्षों से बने हुए हैं। इससे सरकारी योजनाओं की मंशा पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।
सवालों के घेरे में व्यवस्था
👉आखिर राशन कार्डों का सत्यापन क्यों नहीं हो रहा?
👉क्या विभागीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है?
👉जरूरतमंदों को उनका हक कब मिलेगा?
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल विशेष अभियान चलाकर सभी राशन कार्डों का पुनः सत्यापन कराए, अपात्र लोगों के नाम हटाए जाएं और वास्तविक पात्रों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन की चेतावनी भी दे रहे हैं। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और गांव के गरीबों को उनका हक कब मिलेगा यह अहम सवाल है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़