आवश्यक सूचना : टनकपुर का किशोर 10 माह से लापता, पुलिस ने आमजन से मांगी मदद
Abid Hussain
Thu, Jun 11, 2026
टनकपुर। जनपद चम्पावत के टनकपुर क्षेत्र से लगभग 10 माह पूर्व लापता हुए एक किशोर का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले में पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है और आमजन से सहयोग की अपील की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली टनकपुर में पंजीकृत एफआईआर संख्या 87/2025, धारा 140(3) बीएनएस के तहत गुमशुदा अजय कश्यप पुत्र मूल चन्द्र, निवासी वार्ड नंबर-09, घसियारा मंडी, टनकपुर, जनपद चम्पावत, दिनांक 20 अगस्त 2025 को शारदा घाट क्षेत्र से अचानक लापता हो गया था। उस समय उसकी आयु लगभग 15 वर्ष थी।
पुलिस द्वारा परिजनों से पूछताछ, संभावित स्थानों पर तलाश तथा विभिन्न माध्यमों से खोजबीन की गई, लेकिन अब तक किशोर के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस की ऑपरेशन स्माइल टीम एवं जनपद चम्पावत पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त किशोर के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है अथवा वह कहीं दिखाई देता है, तो तत्काल इसकी सूचना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि मानवता के नाते इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि लापता किशोर को उसके परिवार से मिलाने में सहायता मिल सके। लंबे समय से बेटे की तलाश में जुटे परिजन भी उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
संपर्क नंबर :
प्रभारी निरीक्षक, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) : 9458108715
वैकल्पिक संपर्क : 9690192400
आपातकालीन सहायता : 112
दिनांक : 11 जून 2026
जारीकर्ता : एएचटीयू बनबसा, जनपद चम्पावत
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़