ग्राम पंचायत मनिहारगोठ में राशन कार्डों की जांच के आदेश, जिला पूर्ति : अधिकारी ने दिए कड़े निर्देश
Abid Hussain
Thu, Feb 26, 2026
■■ खबर का असर: ग्रामीणों की मांग पर जिला पूर्ति अधिकारी ने दिए राशन कार्ड जांच के आदेश
टनकपुर (चम्पावत) जनपद के विकासखंड टनकपुर की ग्राम पंचायत मनिहारगोठ में राशन कार्डों को लेकर उठे विवाद और ग्रामीणों की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी चम्पावत ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच और सत्यापन के निर्देश जारी किए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि ग्राम पंचायत मनिहारगोठ में राशन कार्डों की जांच/सत्यापन की प्रक्रिया 31 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरी की जाए। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वह जांच के दौरान पात्र परिवारों की पहचान सुनिश्चित करें और अपात्र व्यक्तियों के नाम निरस्त करने की कार्रवाई करें।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राशन कार्डों के संबंध में चल रहे प्रचार-प्रसार और शिकायतों को देखते हुए जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए तथा पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और अंत्योदय योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। जांच प्रक्रिया के दौरान संबंधित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति भी अनिवार्य की गई है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी ने उप जिलाधिकारी टनकपुर, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के इस आदेश से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का समाधान जल्द होगा।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़