मनिहारगोठ में स्याल का आतंक, बुजुर्ग और मासूम पर हमला चार वर्षीय : बच्चे का खटीमा में उपचार, ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की करी मांग
Abid Hussain
Sun, Jul 12, 2026
टनकपुर। ग्राम पंचायत मनिहारगोठ में स्याल का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को स्याल ने अलग-अलग घटनाओं में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग और चार वर्षीय मासूम पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटनाओं के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्राम पंचायत मनिहारगोठ निवासी 65 वर्षीय अहमद हुसैन शनिवार रात करीब 11 बजे अपने घर के आंगन में बैठे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे स्याल ने अचानक उन पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्याल वहां से भाग निकला।
वहीं दूसरी घटना शाम करीब छह बजे हुई। चार वर्षीय मोहम्मद शान, पुत्र बहारुद्दीन अंसारी, अपने घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान स्याल ने उस पर भी हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े और किसी तरह उसे स्याल के चंगुल से छुड़ाया। घायल बच्चे को उपचार के लिए खटीमा ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि स्याल आबादी वाले क्षेत्र में बेखौफ घूम रहा है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल टीम भेजकर स्याल को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़